संदेश
बिहार के संचार लेखा नियंत्रक कार्यालय (सीसीए) की ओर से मैं आपका हमारी आधिकारिक वेबसाइट पर हार्दिक स्वागत करता हूँ। यह वेबसाइट इस कार्यालय द्वारा किए जाने वाले कार्यों एवं गतिविधियों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी उपलब्ध कराने तथा सभी संबंधित पक्षों से बहुमूल्य सुझाव एवं प्रतिक्रिया प्राप्त करने के लिए एक प्रभावी माध्यम है।
इस कार्यालय द्वारा बीएसएनएल/दूरसंचार विभाग के सेवानिवृत्त कर्मचारियों के पेंशन, सामान्य भविष्य निधि (जीपीएफ) एवं अन्य सेवानिवृत्ति लाभों का निपटान, राजस्व संग्रहण, लाइसेंस शुल्क एवं स्पेक्ट्रम उपयोग शुल्क (एसयूसी) की जांच एवं निर्धारण तथा सार्वभौमिक सेवा दायित्व निधि (यूएसओएफ) की निगरानी जैसे महत्वपूर्ण कार्य किए जाते हैं। अतः आम नागरिकों एवं सभी संबंधित पक्षों, विशेष रूप से हमारे पेंशनभोगियों, को इस कार्यालय के प्रमुख कार्यों एवं सेवाओं की जानकारी उपलब्ध कराना अत्यंत आवश्यक है।
सेवानिवृत्ति लाभों के त्वरित एवं सुचारु निपटान तथा पेंशनभोगियों के बैंक खातों में सीधे भुगतान की सुविधा के लिए सम्पन्न (SAMPANN) सॉफ्टवेयर की शुरुआत की गई है।
शिकायतों के निवारण हेतु टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1800-3456-183 उपलब्ध है। इसके अतिरिक्त, पेंशनभोगियों की सुविधा के लिए इस कार्यालय में डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र (DLC) कियोस्क एवं पेंशनभोगी विश्राम कक्ष भी संचालित किए जा रहे हैं।
मुझे विश्वास है कि यह वेबसाइट हमारे लाभार्थियों के साथ-साथ सभी आगंतुकों के लिए अत्यंत उपयोगी एवं सहायक सिद्ध होगी। वेबसाइट पर सभी महत्वपूर्ण सूचनाओं को संक्षिप्त एवं सरल रूप में उपलब्ध कराने का हर संभव प्रयास किया गया है। फिर भी, अनजाने में किसी सूचना के छूट जाने अथवा त्रुटि रह जाने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। अतः वेबसाइट एवं सेवाओं में और अधिक सुधार के लिए आपके बहुमूल्य सुझाव एवं प्रतिक्रियाएँ सदैव स्वागत योग्य हैं।
नियंत्रक